झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने राज्य को कई बड़ी सौगातों की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की निर्णायक पहल और प्रभावी नेतृत्व के चलते झारखंड के हेल्थ सेक्टर को नई दिशा मिली है।
गुरुवार को नई दिल्ली में डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रताप राव जाधव से शिष्टाचार भेंट एवं महत्वपूर्ण बैठक की। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ और जनहितकारी बनाने को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में झारखंड स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार भी उपस्थित रहे।
बैठक में झारखंड को आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ऐतिहासिक सौगात देने पर केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की। उल्लेखनीय है कि खनिज एवं औषधीय पौधों से समृद्ध होने के बावजूद अब तक झारखंड में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की सुविधा नहीं थी। डॉ. इरफान अंसारी ने इस कमी को मजबूती से उठाते हुए एक सरकारी एवं एक निजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव रखा, जिसे केंद्र ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
इसके साथ ही राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों एवं रांची सदर अस्पताल में जापानी तकनीक से लैस अत्याधुनिक हाईटेक लैब स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे मरीजों को जांच और इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और एक ही स्थान पर बेहतर निदान व उपचार संभव हो सकेगा।
डॉ. इरफान अंसारी ने धनबाद के SNMCH मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों को 100 से बढ़ाकर 250 करने तथा पीजी सीटों में वृद्धि का प्रस्ताव भी रखा। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि विशेषज्ञ टीम के निरीक्षण के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में राज्य के सभी जिलों में वेलनेस हेल्थ सेंटर (हेल्थ कॉटेज) के निर्माण पर भी सहमति बनी। इन केंद्रों के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच 60:40 के अनुपात में वित्तीय सहयोग होगा। इसके अलावा झारखंड सरकार की अबुआ स्वास्थ्य योजना को केंद्र सरकार के सहयोग से और प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी है।
इस दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्रीय मंत्री को झारखंड की पारंपरिक शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री श्री प्रताप राव जाधव ने झारखंड हेल्थ मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य को स्वास्थ्य क्षेत्र में हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने झारखंड आने का निमंत्रण भी स्वीकार किया।
डॉ. इरफान अंसारी ने इस बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, मेडिकल सीटों में वृद्धि और हाईटेक सुविधाओं से झारखंड को बड़ी संख्या में कुशल डॉक्टर मिलेंगे और राज्य स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल करेगा।

