कुंदा थाना क्षेत्र के गेंद्रा गांव में टीपीसी नक्सलियों के दो गुटों में मुठभेड़, दो की मौत, दो घायल

कुंदा थाना क्षेत्र के गेंद्रा गांव में टीपीसी नक्सलियों के दो गुटों में मुठभेड़, दो की मौत, दो घायल
चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंद्रा गांव में बीती रात टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) नक्सली संगठन के दो गुटों के बीच आपसी रंजिश को लेकर खूनी मुठभेड़ हो गई। इस घटना में टीपीसी के दो सक्रिय नक्सलियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान टीपीसी नक्सली देवेंद्र गंझु और उसके साथी चूरामन गंझु के रूप में हुई है। वहीं, मुठभेड़ में घायल श्याम भोक्ता और उसका साला ब्रह्मदेव को गंभीर अवस्था में बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ आपसी लेवी बंटवारे को लेकर हुई, हालांकि पुलिस सूत्र यह भी संभावना जता रहे हैं कि मामला अफीम की खेती और क्षेत्र बंटवारे से जुड़ा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी चारों नक्सलियों के खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग 41 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनआईए (NIA) के मामले भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे इलाके में सघन जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *