राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में महात्मा गांधी के विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं। देश की आजादी में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर उन्होंने संघर्ष का एक नया मार्ग प्रशस्त किया और दुनिया को यह सिखाया कि अहिंसा के रास्ते पर चलकर भी बड़ी लड़ाइयाँ जीती जा सकती हैं। आज पूरा विश्व अहिंसा के महत्व को स्वीकार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज बापू, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान के सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष और आंदोलन की आवश्यकता पड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गोडसे की विचारधारा को मानने वाले और उसे महिमामंडित करने वाले लोग भी आज महात्मा गांधी के आदर्शों का हवाला दे रहे हैं। ऐसी फिरकापरस्त ताकतों को बापू, बाबा साहब और संविधान के मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।
वहीं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि महात्मा गांधी अपने सिद्धांतों के कारण आज भी विश्व पटल पर प्रासंगिक बने हुए हैं। सत्य, अहिंसा और शांति का जो मार्ग उन्होंने दुनिया को दिखाया, वह आज भी विश्व कल्याण के लिए पथप्रदर्शक है। गांधीजी के आदर्शों और मूल्यों के कारण ही भारत की विश्व में एक अलग पहचान बनी है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव सुश्री अंबा प्रसाद, प्रदीप तुलस्यान, राकेश सिन्हा, डॉ. राजेश गुप्ता, सतीश पौल मुजनी, अमूल्य नीरज खलको, सोनाल शांति, अभिलाष साहू, राजन वर्मा, आभा सिन्हा, जगदीश साहू, राजेश सिन्हा सन्नी, राकेश किरण महतो, दयामणि बारला, सुरेन राम, शिवकुमार भगत, वीरेंद्र, नरेंद्र कुमार लाल, नेलीनाथन, राजूराम, इश्तियाक अहमद टुन्नू, वीरेंद्र विक्रम, प्रभात कुमार, प्रसाद पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


