एकता, ऊर्जा और उत्साह के संग मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ‘रन फॉर झारखंड’ को दिखाई हरी झंडी
राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर आज बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान, रांची से “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एकता, ऊर्जा और उत्साह के साथ इस कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, साथ ही झारखंड रजत जयंती समारोह और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा —
“मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं जिनके लंबे संघर्ष, कुर्बानी और शहादत से इस राज्य की पहचान बनी है। झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है। ‘रन फॉर झारखंड’ के माध्यम से हम राज्य के प्रति अपनत्व, एकता और विकास की भावना को और मजबूत कर रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना की यह रजत जयंती 15 नवम्बर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी, जिसमें राज्य की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।




