उधमपुर में बड़ा हादसा: CRPF के बंकर व्हीकल का एक्सीडेंट, 3 जवानों की मौत, 15 घायल
उधमपुर (जम्मू-कश्मीर): जिले के बसंतगढ़ इलाके में बुधवार को सीआरपीएफ का एक बंकर व्हीकल हादसे का शिकार हो गया। यह दर्दनाक दुर्घटना कंडवा क्षेत्र में उस वक्त हुई, जब वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य जवान घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 23 जवान सवार थे। जैसे ही वाहन कंडवा-बसंतगढ़ मार्ग पर पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क से फिसलकर पलट गया।
हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल जवान ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल जवानों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को निकाला गया।
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। घटना को लेकर सीआरपीएफ और जिला प्रशासन की ओर से जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

