जमशेदपुर – शहर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दोमुहानी डोबो पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती ने अचानक स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि युवती का नाम सुमित्रा प्रमाणिक है, जो बारिडीह की रहने वाली थी और बिष्टुपुर स्थित एक पीजी में रहकर एक निजी मॉल में कार्यरत थी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुमित्रा अपनी सहेली के साथ दोमुहानी संगम क्षेत्र में घूमने आई थी। इसी दौरान फोन पर अपने बॉयफ्रेंड से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके तुरंत बाद उसने पुल से नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक युवती का शव बरामद नहीं किया जा सका है।
बारिश के चलते स्वर्णरेखा नदी में पानी का बहाव तेज है, जिससे गोताखोरों को तलाश में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव के कारण शव काफी दूर बह गया हो सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
