रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक हुई। बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई और विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बताया जा रहा है कि प्रस्ताव प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं और नीतिगत मामलों से जुड़े हैं।
हालांकि, राज्य में नगर निकाय चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने की वजह से मंत्रिमंडल के फैसलों पर कोई आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग नहीं की गई। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आचार संहिता के तहत कैबिनेट निर्णयों का सार्वजनिक खुलासा फिलहाल संभव नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट से स्वीकृत प्रस्तावों का विस्तृत विवरण आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के बाद जारी किया जाएगा। तब यह स्पष्ट होगा कि किन विभागों के लिए कौन-कौन से बड़े फैसले लिए गए हैं। सरकार का संकेत है कि बैठक में लिए गए निर्णय राज्य के विकास और प्रशासनिक मजबूती से जुड़े हैं, जिनका असर आने वाले समय में देखने को मिलेगा।


