धुर्वा से बरामद किए गए बच्चे अंश और अंशिका के माता-पिता ने आज बच्चों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के पैतृक गांव कुचु स्थित आवास पहुंचकर उनका आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बच्चों के माता-पिता और दोनों बच्चों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही ठंड को देखते हुए अंश और अंशिका सहित उनके माता-पिता को कंबल भी प्रदान किए।
आदित्य साहू ने कहा कि बच्चों का सकुशल मिलना पूरे समाज के लिए राहत की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बच्चों की सुरक्षा को लेकर समाज और प्रशासन दोनों सजग रहें।
इस मौके पर भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू भी उपस्थित थे। उन्होंने भी बच्चों के सुरक्षित मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि अंश और अंशिका के लापता होने के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना रहा, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद किया गया।

