अंश–अंशिका अपहरण कांड का पर्दाफाश, रांची पुलिस ने बच्चा तस्करी के बड़े गिरोह का किया भंडाफोड़
रांची:
रांची पुलिस ने बच्चा चोरी और तस्करी के एक बड़े संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 12 मासूम बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि महिला समेत कुल 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
यह पूरा मामला 2 जनवरी 2026 को रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए दो सगे भाई-बहन अंश (5 वर्ष) और अंशिका (4 वर्ष) से जुड़ा हुआ है। बच्चों के अचानक गायब होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाले खुलासे मिले। पता चला कि अंश और अंशिका का अपहरण पूरी तरह सुनियोजित साजिश के तहत किया गया था और उन्हें बेचने की पूरी तैयारी थी। इस कड़ी को आगे खंगालने पर पुलिस को एक बड़े बच्चा तस्करी नेटवर्क की जानकारी मिली, जो न सिर्फ झारखंड बल्कि अन्य राज्यों में भी सक्रिय था।
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों के पास से 12 मासूम बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया, जिन्हें तस्करी के उद्देश्य से रखा गया था।
फिलहाल सभी बच्चों को संरक्षण में रखा गया है और उनके परिजनों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

